छत्तीसगढ़

अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी की उम्मीदों पर फिरा पानी: रेलवे ने कहा- स्टेशन पर रात में खड़े रहते हैं 3 ट्रेन के रैक, नई ट्रेन के लिए जगह नहीं

अंबिकापुर, 10 नवंबर 2026। अंबिकापुर से राजधानी रायपुर तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन शुरू होने की उम्मीदों को फिलहाल झटका लगा है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण अभी नई ट्रेन का परिचालन संभव नहीं है। इसके साथ ही शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन का अंबिकापुर तक विस्तार करने की मांग भी फिलहाल पूरी नहीं हो सकेगी।

दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी लगातार रेलवे की बैठकों में अंबिकापुर से नई ट्रेनों के संचालन और रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाते रहे हैं। इसी संबंध में रेलवे प्रशासन ने लिखित जवाब दिया है।

रेलवे ने बताया कि अंबिकापुर से रायपुर तक नई इंटरसिटी ट्रेन चलाने का नीतिगत निर्णय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या परिचालन से जुड़ी है। अंबिकापुर स्टेशन पर रात के समय पहले से ही तीन ट्रेनों के रैक खड़े रहते हैं। इनमें 11265/66 जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर, 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर और 18755 शहडोल-अंबिकापुर शामिल हैं।

इन ट्रेनों को सुबह रवाना करने के लिए रात में स्टेशन पर खड़ा रखना जरूरी होता है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन के रैक खड़े करने के लिए जगह उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से नई इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने में परेशानी आ रही है।

शहडोल-नागपुर ट्रेन का विस्तार भी अटका

शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन को अंबिकापुर तक विस्तारित करने की मांग पर भी रेलवे ने असमर्थता जताई है। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन सेंट्रल रेलवे के अंतर्गत संचालित होती है। ट्रेन रात करीब 10 बजे शहडोल पहुंचती है और सुबह 5 बजे वहां से रवाना होती है। ऐसे में अंबिकापुर तक विस्तार करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा अंबिकापुर स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन की कमी भी बड़ी बाधा है।

सूरजपुर-अंबिकापुर रेल लाइन के दोहरीकरण का काम तेज

रेलवे ने राहत भरी जानकारी देते हुए बताया कि सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक रेल लाइन के दोहरीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। सूरजपुर से बैकुंठपुर के बीच करीब 40 किलोमीटर के कार्य में तेजी लाई जा रही है। वहीं, बोरीडांड से बैकुंठपुर के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए निविदा फाइनल कर दी गई है।

सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए निविदा भी आमंत्रित की गई है। रेलवे के मुताबिक, दोहरीकरण पूरा होने के बाद रेल लाइन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।

अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं

नई ट्रेनों के संचालन को लेकर भले ही फिलहाल निराशा हाथ लगी हो, लेकिन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। रेलवे ने अंबिकापुर स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड, पैदल ऊपरी पुल और लिफ्ट की व्यवस्था सहित स्टेशन उन्नयन से जुड़े कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। जल्द ही इन कार्यों को शुरू किए जाने की संभावना है।

फिलहाल अंबिकापुर से रायपुर के लिए सीधी इंटरसिटी ट्रेन और शहडोल-नागपुर ट्रेन के विस्तार का इंतजार कर रहे यात्रियों को दोहरीकरण का काम पूरा होने तक इंतजार करना पड़ सकता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button