छत्तीसगढ़

CG WEATHER UPDATE : सुबह-रात में बढ़ी ठिठुरन, अंबिकापुर सबसे ठंडा; दुर्ग में दिन का पारा सबसे ज्यादा

रायपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश में ठंड का असर बढ़ रहा है। खासकर सुबह और देर रात तापमान में गिरावट के चलते हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है। वहीं, दिन में धूप के कारण गर्मी का असर अभी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले दो दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

अंबिकापुर में सबसे कम, दुर्ग में रात का पारा 15 डिग्री

प्रदेश के अन्य शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। दुर्ग में रात का पारा 15 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है।

इसके अलावा माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री और बिलासपुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में सामान्य से नीचे रहा तापमान

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा।

दिन के तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में 30.5 डिग्री, जगदलपुर में 30.4 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 29.9 डिग्री और बिलासपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। 9 नवंबर को रायपुर में बारिश दर्ज नहीं की गई। सुबह 8:30 बजे हवा में नमी 67 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 48 प्रतिशत रही।

मौसम के बदलते मिजाज के बीच आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट आने पर ठंड का असर बढ़ सकता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button