रायपुर: राजधानी में दोपहर में धूप, शाम-रात में गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिन में तेज धूप रहेगी, लेकिन शाम में गर्मी से राहत मिलेगी। दिनभर कड़ी धूप के बाद शाम को हल्के बादल छाएंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से शुष्क हवा आ रही है। इस वजह से तेज गर्मी महसूस की जा रही है। बुधवार को समुद्र की तरफ से नमीयुक्त हवा आनी शुरू होगी। इससे मौसम बदलेगा। मंगलवार को रायपुर में दिन का तापमान 43.2 डिग्री तक पहुंच गया।
यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। तेज गर्मी के कारण आज दिनभर लोग बेहाल रहे। इस सीजन में पहली बार रायपुर में पारा 43 डिग्री से ऊपर पहुंचा है। बुधवार को भी तापमान इसी के आसपास रहेगा। शाम में हल्के बादल रहेंगे। रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक राजधानी में मौसम थोड़ा ठंडा रहेगा।



