छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर नगर निगम चुनाव: ईवीएम से हो रही वोटिंग, कांग्रेस की दीप्ति दुबे और भाजपा की मीनल चौबे के बीच सीधा मुकाबला, 10.36 लाख मतदाता चुनेंगे नया महापौर, नतीजे 15 फरवरी को

रायपुर, 11 फ़रवरी 2025। छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, जिसके नतीजे 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बार चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से कराए जा रहे हैं। रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए कांग्रेस की दीप्ति दुबे और भाजपा की मीनल चौबे के बीच सीधा मुकाबला है।

नगर निगम क्षेत्र में कुल 1095 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10.36 लाख से अधिक मतदाता महापौर और पार्षदों के भाग्य का फैसला करेंगे।

कौन हैं कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे?

कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए दीप्ति दुबे को प्रत्याशी बनाया है। दीप्ति दुबे वर्तमान सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी हैं। वे साइकोलॉजिस्ट हैं और मेंटल हेल्थ क्लीनिक संचालित करती हैं। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाली दीप्ति दुबे ने मास्टर्स इन साइकोलॉजी और एमए हिंदी साहित्य की पढ़ाई की है। वर्तमान में वे पीएचडी कर रही हैं।

पत्रकारिता में डिप्लोमा रखने के साथ ही वे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रही हैं। कांग्रेस की सक्रिय सदस्य के रूप में पिछले 20 वर्षों में पार्टी के विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।

कौन हैं भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे?

भाजपा ने रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए मीनल चौबे को मैदान में उतारा है। वे नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष रह चुकी हैं और तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। भाजपा के जिला और प्रदेश महिला मोर्चा में कई पदों पर कार्य कर चुकीं मीनल चौबे संगठन में भी सक्रिय हैं।

वे रायपुर नगर निगम के सीनियर पार्षदों में से एक हैं और उनकी छवि एक तेजतर्रार महिला नेता के रूप में है। भाजपा के विभिन्न गुटों में उनका अच्छा तालमेल है, जिससे पार्टी ने उन्हें महापौर पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार माना है।

अब देखना होगा कि रायपुर की जनता किसे अपना महापौर चुनती है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button