छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद, खारुन नदी उफान पर; महादेव घाट पुल के ऊपर बह रहा 2 फीट पानी, सेल्फी लेने पहुंच रहे लोग

रायपुर, 26 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बहने के कारण रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है।

कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने से खारुन नदी उफान पर है। पुल के ऊपर पानी आने के बाद प्रशासन ने मार्ग पर आवागमन रोक दिया है। इसके बावजूद नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल के दोनों छोर पर पहुंच रहे हैं। कई लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आए।

खारुन नदी शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदी है, जो बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से निकलती है। पिछले तीन दिनों से बालोद सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

बारिश के मौसम में खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण महादेव घाट और रायपुर-दुर्ग मार्ग स्थित खारुन पुल के आसपास लोगों की भीड़ पहुंच रही है। नदी का तेज बहाव और पुल के ऊपर बहता पानी हादसे का खतरा बढ़ा रहा है।

पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद

महादेव घाट में पुलिस प्रशासन की टीम लोगों को नदी और पुल के पास जाने से रोकने के साथ ही समझाइश दे रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बढ़े हुए जलस्तर के बीच नदी, पुल और आसपास के निचले इलाकों में जाने से बचें।

मौसम विभाग ने भी छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button