छत्तीसगढ़

यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच मारपीट का VIDEO वायरल: पिज्जा डिलीवरी बॉय के कपड़े उतारकर पीटने का आरोप; अमन सिंह समेत 4 पर FIR

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद के बीच पिज्जा डिलीवरी बॉय से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना 29 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मामले में राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर केस दर्ज किया है।

वायरल वीडियो नेहरू नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी उतार दिए गए। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आता है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की जाती रही।

स्मृति नगर से लौटते समय शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवर करने गया था।

वापस लौटते समय रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

करीब 2:30 बजे जब डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका, तभी चारों युवक वहां पहुंच गए। डिलीवरी बॉय ने गाली देने का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद चारों ने एक राय होकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

दोस्तों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट

मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

डर के कारण तीनों डोमिनोज पिज्जा पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। शिकायत के अनुसार, यहां भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर में चोट लगने का आरोप है।

अमन सिंह पर भी मारपीट का आरोप

घटना के कुछ देर बाद नितिन सिंह का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा। अमन सिंह दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बताए जा रहे हैं। शिकायत में आरोप है कि उन्होंने भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

घटना का वीडियो वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं है। 5 सितंबर को खुर्सीपार से भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच विवाद और धक्का-मुक्की दिखाई दी थी।

बताया गया कि एक पक्ष से कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बेटे रॉबिन सिंह भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से विधानसभा प्रत्याशी अर्जुन शर्मा मौजूद थे। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया था।

फिलहाल डिलीवरी बॉय से मारपीट के मामले में सुपेला थाना पुलिस जांच कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button