खून के निशानों ने खोला राज: टेंट कारोबारी की हत्या के बाद शव मिट्टी में दबाया, जांच में जुटी पुलिस

कोंडागांव, 13 अप्रैल 2026/ शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित खेत में एक शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो पेशे से टेंट कारोबारी थे। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को मिट्टी के मलबे में दफना दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, सुरेश चौहान शनिवार से लापता थे, जिसकी शिकायत परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह खेत में मिट्टी के ढेर के बीच शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के घर और घटनास्थल से अहम साक्ष्य मिले हैं। परिजनों के अनुसार, सुरेश घर से वाहन लेकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनका वाहन घर के पास और कुछ दूरी पर पर्स मिला, जिस पर खून के निशान पाए गए।
पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।



