अपराधछत्तीसगढ़रायपुर
Trending

रायपुर का इन्फ्लुएंसर निकला सट्टा किंग: ‘3 STUMPS’ से IPL में खेल, देशभर में फैला नेटवर्क

रायपुर, 17 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाला इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी अब अवैध सट्टा कारोबार का मास्टरमाइंड निकला है। आरोप है कि उसने ‘3 STUMPS’ नाम की वेबसाइट बनाकर IPL मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने का नेटवर्क खड़ा किया।

13 अप्रैल को गंज थाना में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इसके बाद से वह फरार है। पुलिस को आशंका है कि वह विदेश में बैठकर पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा है।


देशभर में फैला नेटवर्क, रिश्तेदार चला रहे पैनल

जांच में सामने आया है कि इस सट्टा नेटवर्क का संचालन कई शहरों से किया जा रहा था। रायपुर के अलावा पुणे, मुंबई और गोवा में उसके रिश्तेदार और करीबी पैनल ऑपरेट कर रहे थे।

हर व्यक्ति की अलग भूमिका तय थी—

  • कोई यूजर्स जोड़ता था
  • कोई दांव लगवाता था
  • तो कोई पैसों का लेन-देन संभालता था

म्यूल खातों से होता था ट्रांजैक्शन

सिंडिकेट बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खिलाया जाता था, जिससे ट्रांजैक्शन ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।

पैसों के लेन-देन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि असली मास्टरमाइंड तक पहुंचना मुश्किल हो।


सोशल मीडिया से युवाओं को फंसाया

इस नेटवर्क को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया। इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रचार कर युवाओं को जोड़ा जा रहा था।

बाबू खेमानी खुद भी इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहता था और वीडियो बनाकर अपनी पहुंच बढ़ाता था।


पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, खेमानी पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। करीब 3 साल पहले उसे प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर जुर्माना लगाया गया था।


पुलिस जांच जारी, बड़े खुलासों के संकेत

हाल ही में रायपुर पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़े 20 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button