छत्तीसगढ़

मोहला-मानपुर में बाघ की दहशत: दो महीने में मवेशियों पर तीसरा हमला, वनकर्मियों ने भागकर बचाई जान

मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में बाघ ने खेत में चर रहे एक बैल पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बैल का वन विभाग ने उपचार कराया, लेकिन पंजों के गहरे जख्म के कारण उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, किसान दसरू राम खेत में जुताई कर रहा था। इसी दौरान खेत से कुछ दूरी पर चर रहे उसके बैल पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां बाघ के पगमार्क भी मिले।

वनकर्मियों का बाघ से हुआ आमना-सामना

घटना के बाद इलाके में गश्त कर रहे वनकर्मियों का भी बाघ से बेहद करीबी सामना हो गया। बाघ को अचानक सामने देखकर वनकर्मियों ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई। वन विभाग ने लोगों को क्षेत्र में अकेले जंगल या खेत की ओर जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

ग्रामीण शेर सिंह ने बताया कि घटना के दौरान उसे भी बेहद करीब से बाघ दिखाई दिया। बाघ एक पत्थर पर बैठा था और अपनी पूंछ हिला रहा था। स्थिति को देखते हुए उसने अपने साथ मौजूद कुत्तों को बाघ की ओर बढ़ने का इशारा किया और तेज आवाजें निकालकर उसे डराने की कोशिश की। कुछ देर बाद बाघ जंगल की ओर चला गया।

दो महीने में मवेशियों पर तीसरा हमला

वन विभाग के मुताबिक, यह इस इलाके में बाघ के हमले की पहली घटना नहीं है। पिछले एक साल में औंधी क्षेत्र में बाघ कई बार देखा जा चुका है और वह पहले भी मवेशियों का शिकार कर चुका है। खास तौर पर निडेली गांव के आसपास पिछले दो महीनों में मवेशियों पर हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।

मृत बैल के पास लगाए गए ट्रैप कैमरे

बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने मृत मवेशी को जंगल में सुरक्षित स्थान पर रखा है। इसके आसपास ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, ताकि बाघ की आवाजाही और उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा सके। वनकर्मी लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और मवेशी मालिक तथा ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृत मवेशी के लिए मुआवजा प्रकरण तैयार कर लिया गया है। साथ ही ग्रामीणों को बाघ की मौजूदगी को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button