
रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 16 अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना रविवार को रायपुर पहुंच गईं। इस सीरीज के साथ मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम नए दौर की शुरुआत करेगी।
स्मृति मंधाना दोपहर करीब 3:30 बजे रायपुर पहुंचीं, जबकि भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ी बाद में पहुंचेंगे। जिम्बाब्वे की टीम सोमवार, 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी। यह दोनों देशों की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी।
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज के तीनों मुकाबले खेले जाएंगे। पहला टी-20 मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को होगा। सभी मैच शाम 5 बजे से शुरू होंगे।
भारतीय टीम सोमवार से अभ्यास शुरू करेगी। शुरुआती दो दिनों में शाम 6 से रात 9 बजे तक अभ्यास सत्र आयोजित होंगे। इसके बाद 14 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और 15 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक खिलाड़ी अभ्यास करेंगे।
पहले मुकाबले के बाद भारतीय टीम 17 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और दूसरे मैच के बाद 19 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक अभ्यास करेगी। इस तरह भारतीय टीम के कुल छह अभ्यास सत्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम 13, 14, 15, 17 और 19 अक्टूबर को अभ्यास करेगी।
क्रिकेट प्रेमियों को पहली बार मिलेगा खास मौका
रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले होने से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। दर्शकों को भारतीय महिला खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खेलते देखने का अवसर मिलेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों टीमें 21 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे रायपुर से रवाना होंगी।



