छत्तीसगढ़
Trending

बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन: 5 दिन से गोलीबारी, 1500 नक्सली घेरे में, हेलीकॉप्टर से बरस रही मौत, 40 जवान लू की चपेट में

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ आज पांचवें दिन भी जारी रही। बताया जा रहा है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान है, जिसमें 10 से 12 हजार जवान हिस्सा ले रहे हैं। जवानों ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 नक्सलियों, जिनमें बड़े कैडर के नक्सली लीडर भी शामिल हैं, को चारों ओर से घेर रखा है। सुरक्षा बल इस मुठभेड़ को नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम लड़ाई के रूप में देख रहे हैं।

सुरक्षाबल हेलीकॉप्टर की मदद से नक्सलियों पर गोलीबारी और बमबारी कर रहे हैं। उसूर थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव के समीप कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में बीते 120 घंटों से लगातार मुठभेड़ जारी है। अब तक सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से 3 के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। आज भी दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है और हेलीकॉप्टर के माध्यम से दबाव बढ़ाया जा रहा है।

भीषण गर्मी में जवानों की तबीयत बिगड़ी
भीषण गर्मी के चलते 40 से अधिक जवान हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए तेलंगाना के वेंकटापुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल पर कई जवानों को पर्याप्त पानी और ग्लूकोज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ रही है। इसके बावजूद बाकी जवान नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं और जंगलों में डटे हुए हैं।

स्थिति पर नजर बनाए हुए अधिकारी
उच्च स्तर पर इस ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन को पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button