CG BREAKING : बेमेतरा में बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप, ट्रांसफार्मर में विस्फोट से 3 किसान झुलसे

बेमेतरा, 21 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दाढ़ी क्षेत्र के ग्राम हेमाबंद में अटल ज्योति योजना के तहत लगाए गए ट्रांसफार्मर में डीओ चढ़ाते समय अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हेमाबंद में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दाढ़ी बिजली सब स्टेशन को दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद समय पर सुधार कार्य नहीं कराया गया। सब स्टेशन से मिस्त्री उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।
काफी देर तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होने के बाद ग्राम मोहतरा के किसान ईश्वर पटेल, छन्नू चंद्राकर और राधेश्याम चंद्राकर ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, लाइन बंद करवाने के बाद तीनों डीओ चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें निकलने लगीं।
अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आने से तीनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाए आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्राम मोहतरा निवासी किसान रामकुमार पटेल का आरोप है कि बिजली गुल होने की शिकायत के बावजूद सब स्टेशन के कर्मचारी कई बार फोन नहीं उठाते। समय पर बिजली व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण ग्रामीणों को खुद ही सुधार कार्य करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली व्यवस्था को बेहतर किया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जांच के बाद सामने आएगा हादसे का कारण
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बिजली विभाग की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



