रायपुर में OBC समाज से संवाद करेंगी साध्वी निरंजन ज्योति: CM-राज्यपाल से मुलाकात, कल्याणकारी योजनाओं की लेंगी समीक्षा

रायपुर, 06 जून 2026। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति 7 जून 2026 को एक दिवसीय आधिकारिक प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगी। दौरे के दौरान वे पिछड़ा वर्ग समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने के साथ ही मुख्यमंत्री और राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करेंगी तथा विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
सुबह रायपुर पहुंचेंगी, प्रतिनिधिमंडल से करेंगी भेंट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साध्वी निरंजन ज्योति 7 जून को सुबह 6:30 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर सुबह 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगी। इसके बाद वे राज्य अतिथिगृह में विश्राम करेंगी।
सुबह 9:30 बजे वे पिछड़ा समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगी।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट
अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति सुबह 10:30 बजे विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट करेंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे रमेन डेका से मुलाकात करेंगी।
सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन में होंगी शामिल
दोपहर 2 बजे साध्वी निरंजन ज्योति बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित पिछड़ा वर्ग संगठन के सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन में शामिल होंगी और उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी।
कल्याणकारी योजनाओं की लेंगी समीक्षा
अपराह्न 3 बजे राज्य अतिथिगृह, रायपुर में पिछड़ा वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा पिछड़ा वर्ग विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
शाम को दिल्ली लौटेंगी
एक दिवसीय प्रवास पूरा करने के बाद राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति शाम 6:40 बजे रायपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।



