आईएएस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल : पुष्पा साहू बनीं माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव, रोक्तिमा यादव कोरिया कलेक्टर नियुक्त

रायपुर, 08 मई 2026।
राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यभार में आंशिक संशोधन करते हुए नई पदस्थापनाएं जारी की हैं। जारी आदेश के अनुसार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को आगामी आदेश तक सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले 6 मई 2026 को जारी आदेश में भी उन्हें इसी पद पर पदस्थ किया गया था, जिसमें अब आंशिक संशोधन किया गया है।
वहीं वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को जिला-कोरिया का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। शासन के आदेश अनुसार वे आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। उल्लेखनीय है कि 6 मई 2026 के आदेश में उन्हें आयुक्त, उच्च शिक्षा पद पर पदस्थ किया गया था, जिसे संशोधित करते हुए अब कोरिया कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा वर्ष 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को आयुक्त, उच्च शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें प्रबंध संचालक, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि उनके पदभार ग्रहण करते ही यह पद वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष माना जाएगा।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को शिक्षा व्यवस्था और जिला प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



