छत्तीसगढ़
Trending

वनांचल में न्याय व्यवस्था को नई मजबूती: अंबागढ़ चौकी में मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने किया न्यायिक आवासीय परिसर का भूमिपूजन

मोहला, 21 जुलाई 2025 छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल क्षेत्र अंबागढ़ चौकी में न्यायिक कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर के निर्माण का भूमिपूजन सोमवार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा द्वारा संपन्न हुआ। यह पहल न्याय व्यवस्था को सुदृढ़, प्रभावी और मानवोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति श्री सिन्हा ने कहा कि “न्याय केवल एक अमूर्त आदर्श नहीं, बल्कि एक व्यवहारिक आवश्यकता है, जिसे हर नागरिक तक पहुंचाना राज्य की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य और निवास वातावरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

मुख्य न्यायाधिपति ने याद दिलाया कि 29 मार्च 2025 को अंबागढ़ चौकी में फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना करके इस क्षेत्र में न्यायिक समाधान की दिशा में बड़ी शुरुआत की गई थी। अब आवासीय परिसर का निर्माण इस प्रयास को और अधिक मजबूती देगा। इससे न्यायिक कर्मचारियों को न केवल भौतिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि वे कानूनी व्यवस्था से और अधिक गहराई से जुड़ सकेंगे

उन्होंने इसे केवल समय की मांग नहीं, बल्कि न्यायिक कर्मचारियों की तात्कालिक एवं वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय बताया। सुविधायुक्त आवासीय परिसर से न्यायिक कर्मचारी भावनात्मक और आर्थिक तनाव से मुक्त रहकर बेहतर कार्य प्रदर्शन कर सकेंगे।

कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि मुख्य न्यायाधिपति श्री सिन्हा ने अपने कार्यकाल में दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की न्यायिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी और उनके समाधान हेतु सक्रिय पहल करते हुए न्यायिक आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने का सतत प्रयास किया।

भूमिपूजन कार्यक्रम में राजनांदगांव जिले के पोर्टफोलियो न्यायाधीश, अन्य न्यायाधीशगण, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को न्याय व्यवस्था की जनसरोकारों से जुड़ती नई दिशा के रूप में भी देखा जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button