छत्तीसगढ़ में आज फिर बिगड़ेगा मौसम: भारी बारिश-बिजली गिरने की चेतावनी, पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी जारी

रायपुर, 21 नवंबर। चक्रवाती तूफान अकवान के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
प्रदेश के पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी जारी है। वहीं, केशकाल में बारिश के साथ घना धुंध छाया हुआ है। इसके चलते सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। वाहन चालक दिन में भी लाइट जलाकर सफर करने को मजबूर हैं। लगातार बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
रायपुर में सामान्य से 9 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान
शुक्रवार को हुई बारिश का असर राजधानी रायपुर के तापमान पर भी देखने को मिला। यहां दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम रहा। शहर में दिनभर बादल छाए रहे और कुल 11.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ गई है। रात के समय शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए। भिलाई में भी शुक्रवार को दिनभर बूंदाबांदी होती रही।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा में सबसे ठंडी रात
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।
रायपुर में आज भी बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले दो दिनों में बदलेंगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर जरूर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ा मौसम तंत्र अभी भी वातावरण में नमी खींच रहा है। इसके कारण प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों में चक्रवाती सिस्टम के और कमजोर होने के साथ ही बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा।



