26 करोड़ का ROB चंद दिनों में दरका: रमन सिंह ने रेल मंत्री को लिखा कड़ा पत्र, दोषियों पर एक्शन की मांग

रायपुर, 09 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में हाल ही में बनाए गए तीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद दरारें आने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों, ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में बताया कि राजनांदगांव जिले के बरगा, आलीवारा और मुसरा स्थित नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिजों में हाल की बारिश के बाद गंभीर दरारें दिखाई दी हैं। उन्होंने कहा कि लोकार्पण के कुछ ही दिनों के भीतर पुलों की यह स्थिति निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर मंडल अंतर्गत डोंगरगढ़-राजनांदगांव रेलखंड पर प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से इन रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कराया गया था। इनका उद्घाटन जून 2026 में किया गया था।
बताया जा रहा है कि 4 और 5 जुलाई को हुई बारिश के बाद इन ओवरब्रिजों में करीब 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें दिखाई दीं। पुलों की स्थिति को देखते हुए इन्हें फिलहाल आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक परियोजना का उद्घाटन होने के कुछ ही दिनों बाद इस तरह क्षतिग्रस्त होना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस घटना को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
अपने पत्र में डॉ. रमन सिंह ने रेल मंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने, निर्माण एजेंसी, ठेकेदार, परामर्शदाता और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रभावित रेलवे ओवरब्रिजों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट, आवश्यक मरम्मत और जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण कराने का भी आग्रह किया है, ताकि भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
डॉ. रमन सिंह ने उम्मीद जताई है कि जनहित और सार्वजनिक धन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करेगा। वहीं, इस मामले में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे भी पहले ही रेल मंत्री को पत्र लिखकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।



