रात में गश्त, सुबह विभागीय काम और लौटते वक्त हादसा; ट्रक की टक्कर से पुलिस आरक्षक रामगोपाल की मौत, परिवार में पसरा मातम

अंबिकापुर/वाड्रफनगर, 31 अगस्त 2026। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आरक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक रामगोपाल ने शनिवार रात रात्रि गश्त की ड्यूटी की थी। रविवार सुबह करीब 5 बजे वे पुलिस टीम के साथ वाड्रफनगर चौकी लौटे थे। इसके बाद वे विभागीय कार्य से प्रतापपुर के लिए रवाना हुए।
प्रतापपुर में काम पूरा करने के बाद वे बाइक से वाड्रफनगर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हुए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस विभाग में शोक
आरक्षक रामगोपाल के निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों के मुताबिक, वे मिलनसार, हंसमुख और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाती थी, वे उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाते थे।
वाड्रफनगर पुलिस चौकी में उनका व्यवहार अधिकारियों और साथी जवानों के साथ आत्मीय था। उनके अचानक निधन से चौकी का पूरा स्टाफ भावुक है।
रामगोपाल के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। सहकर्मियों ने उनके निधन को पुलिस विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया है। ड्यूटी के दौरान एक कर्तव्यनिष्ठ जवान की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।



