खेल

रायपुर में आज भारत-जिम्बाब्वे का आखिरी टी-20: मंधाना ब्रिगेड की नजर क्लीन स्वीप पर, शाम 7 बजे शुरू होगा मुकाबला

रायपुर, 20 अक्टूबर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। अब टीम की नजर तीसरा मैच जीतकर जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ करने पर है।

पहले मैच में भारत ने 4 विकेट से दर्ज की जीत

सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 19 रन के स्कोर पर चार विकेट गिर गए। मुश्किल परिस्थिति में दीप्ति शर्मा ने 49 रन और निकी प्रसाद ने नाबाद 39 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। दोनों के योगदान से भारत ने 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरे मैच में शेफाली-मंधाना ने मचाया धमाल

18 अक्टूबर को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 8 विकेट पर 102 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से शेफाली वर्मा ने महज 25 गेंदों में 55 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 96 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। भारत ने 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

जिम्बाब्वे के सामने सम्मान बचाने की चुनौती

सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम जीत की लय बरकरार रखते हुए क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम आखिरी मैच जीतकर सीरीज का समापन बेहतर प्रदर्शन के साथ करना चाहेगी। ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर रोमांचक मुकाबले की उम्मीद रहेगी।

रायपुर में पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस सीरीज के दौरान पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आयोजन हो रहा है। पहले मैच में बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया था। अब तीसरे मुकाबले में भी क्रिकेट प्रेमियों की नजर भारतीय टीम के प्रदर्शन और क्लीन स्वीप पर रहेगी।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।

जिम्बाब्वे की संभावित प्लेइंग-11

केलिस नधलोवु, बेलोव्ड बिजा, मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), शार्न मायर्स, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, न्याशा ग्वांजुरा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, जोसेफिन नकोमो (कप्तान) और तेंदाई मकुशा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button