स्टील प्लांट में मौत का मंजर कैमरे में कैद: पिघला लोहा गिरते ही आग की लपटों में घिरा ठेकेदार, इलाज के दौरान मौत

दुर्ग, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला हादसा सामने आया है। बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में पिघला लोहा गिरने से एक ठेकेदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घटना से जुड़ा एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
मशीन का नोजल नीचे आने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर की बताई जा रही है। संतोष कुमार श्रीवास्तव जेडी स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। देर रात प्लांट में टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया। इसके कारण करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
हादसे से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद वह व्यक्ति बेसुध होकर गिर जाता है। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता और घटना से उसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
ठेकेदार की मौत के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 18 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को बिहार स्थित अपने गृह क्षेत्र ले गए।
प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद औद्योगिक परिसर में श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया कि इसी कंपनी के दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक श्रमिक की झुलसने से मौत हुई थी। उस मामले में विरोध के बाद पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिला था।
दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जलने से घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें सुरक्षा संबंधी किसी लापरवाही की भूमिका थी या नहीं।


