छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: रायपुर भीगा, बस्तर में भारी बारिश, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट

रायपुर, 27 अगस्त 2025 मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ली। साढ़े छह बजे के करीब गणपति प्रतिमाओं के साथ बज रहे ढोल-बाजों के बीच बादल गरजे और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तक हुई इस तेज बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में इस दौरान 24.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, हालांकि शहर में इसका असर और अधिक देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा तट से सटे बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के असर से अगले तीन दिन प्रदेशभर में बारिश की गतिविधि बनी रहेगी। बुधवार को इसका असर दक्षिण छत्तीसगढ़ पर रहेगा, गुरुवार को यह मध्य हिस्सों में पहुंचेगा और शुक्रवार को उत्तरी हिस्सों में बारिश का प्रभाव अधिक होगा।

बस्तर में भारी बारिश, कई इलाके तरबतर
पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में मंगलवार तक दिनभर धूप-छांव की स्थिति बनी रही, लेकिन शाम को अचानक मौसम बदल गया।

इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

  • ऑरेंज अलर्ट : सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।
  • यलो अलर्ट : सुकमा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव के अन्य हिस्सों और उत्तर बस्तर कांकेर में हल्की वर्षा की संभावना।

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की अपील की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button