छत्तीसगढ़
Trending

रायगढ़-बिलासपुर में बारिश का कहर: नदी-नाले उफान पर, 13 जिलों में मौसम विभाग का यलो अलर्ट

रायगढ़ जिले में पिछले 15 घंटे से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कोंडकेल तिराहे वाली सड़क पर कमर तक पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही ठप हो गई है। बिलासपुर में भी सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, बलरामपुर और सरगुजा में भारी बारिश, बिजली गिरने, गरज-चमक और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, सूरजपुर और मुंगेली जिले में भी बिजली गिरने और आंधी-तूफान का अलर्ट है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो गुरुवार को सबसे अधिक 32.5°C और सबसे कम 20.0°C तापमान दुर्ग में दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मध्य भागों और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश में बना लो-प्रेशर एरिया अब कमजोर हो चुका है। हालांकि, इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके चलते सरगुजा और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा रहेगा, जबकि बस्तर संभाग में कम बारिश की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button