छत्तीसगढ़
Trending

धमतरी में पहली बार महानदी गंगा आरती : रुद्रेश्वर धाम के 20 करोड़ के विकास से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

धमतरी, 4 अगस्त। सावन के प्रथम सोमवार पर धमतरी के रुद्री स्थित प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सामने चित्रोत्पला महानदी के तट पर पहली बार बनारस की तर्ज पर भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस अलौकिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, 108 दीपों की महाआरती और भक्तिमय वातावरण ने महानदी तट को आध्यात्मिक आभा से आलोकित कर दिया।

धमतरी युवा ब्रिगेड एवं श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान शिव, श्रीराम और भगवान जगन्नाथ की स्तुति में भजन प्रस्तुत किए गए। इसके बाद रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और महानदी गंगा आरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं पर पवित्र जल का छिड़काव कर महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में धमतरी विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पूर्व विधायक रंजना साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि राज्य शासन द्वारा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के माध्यम से तीन चरणों में विकसित होने वाली इस योजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार, दीप स्तंभ, नंदी प्रतिमा, चौड़े पैदल मार्ग, श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षित घाट, फूड कोर्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वास्थ्य केंद्र, दिव्यांग-अनुकूल अधोसंरचना और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

प्रस्तावित परियोजना में रिवर फ्रंट कॉटेज, सांस्कृतिक मंडप, ओपन एयर स्टेज, सौर ऊर्जा आधारित पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन और हरित क्षेत्र विस्तार जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि महानदी गंगा आरती की शुरुआत और रुद्रेश्वर धाम का समग्र विकास धमतरी को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button