छत्तीसगढ़ में अवैध कोल लेवी वसूली का बड़ा खुलासा: लंबे समय से फरार नवनीत तिवारी गिरफ्तार, कोर्ट से मिला रिमांड

रायपुर, 13 जुलाई 2025 — छत्तीसगढ़ में अवैध कोल लेवी वसूली मामले की जांच कर रहे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवनीत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नवनीत तिवारी कोर वसूली योजना बनाने, धन उगाही में शामिल रहने और अवैध धन को निवेश करने जैसे गंभीर आरोपों में वांछित था।
ब्यूरो द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7, 7ए, 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120बी, 384, 467, 468, 471 के तहत दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, नवनीत तिवारी वर्ष 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में गहराई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस रिमांड पर लेकर उससे नेटवर्क, धन के स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन और जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि नवनीत तिवारी की गिरफ्तारी से इस बहुचर्चित अवैध कोल लेवी वसूली रैकेट की कई परतें उजागर होंगी।



