छत्तीसगढ़
Trending

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन का धुआंधार प्रचार, बोले— कांग्रेस ने शहर को 15 साल पीछे धकेला, विकास के लिए भाजपा की बनाए नगर सरकार

  • चुनावी शोर थमने से पहले मंत्री ने किया आधा दर्जन से अधिक वार्डों का दौरा

कोरबा। रविवार को चुनावी प्रचार समाप्त होने से पूर्व कोरबा विधायक और वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने शहर के विभिन्न वार्डों में आठ नुक्कड़ सभाओं और तीन सामाजिक बैठकों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत और पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की।

“कांग्रेस ने शहर की हालत बदतर कर दी”

डिंगापुर, ढोढ़ीपारा, मोतीसागर पारा, देवांगनपारा, झरनापारा समेत अन्य वार्डों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा, “पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस ने शहर की जो हालत कर दी है, वह किसी से छिपी नहीं है। गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक गड्ढे हैं, नालियां जाम पड़ी हैं, सफाई व्यवस्था चौपट है। कांग्रेस की सरकार में जनता शिकायतें करती रही, लेकिन महापौर को कोई फर्क नहीं पड़ा। लोग दफ्तरों के चक्कर लगाते रहे, मगर कांग्रेस के महापौर जनता से मिलने तक नहीं बैठते थे।”

उन्होंने कहा, “बीते 10 वर्षों में कांग्रेस ने शहर को 15 साल पीछे धकेल दिया। न कोई विकास कार्य हुआ, न कोई आधारभूत संरचना मजबूत की गई। भाजपा की सरकार आते ही हम इन सभी समस्याओं के समाधान में जुट गए हैं।”

“भाजपा सरकार ने विकास को दी रफ्तार”

मंत्री देवांगन ने कहा, “वर्तमान में केंद्र और राज्य, दोनों जगह भाजपा की सरकार है। हमारी सरकार ने मोहल्लों की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक के उन्नयन का संकल्प लिया है। कांग्रेस ने 10 वर्षों में एक भी अंडरब्रिज या ओवरब्रिज के लिए प्रयास नहीं किया, जबकि हमारी सरकार ने पहले ही साल में इसका कार्य प्रारंभ कर दिया। प्रभावित लोगों को पहली बार साढ़े तीन करोड़ रुपए का मुआवजा भी दिया गया है।”

उन्होंने कहा, “आज कोरबा नगर निगम क्षेत्र में 72 हजार महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपए मिल रहे हैं, अब तक 12 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। विधानसभा चुनाव में जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया, और एक साल के भीतर सभी योजनाओं का लाभ मिलने लगा। कांग्रेस सिर्फ धोखा देती है और छलावा करती है।”

“भाजपा की नगर सरकार जरूरी”

मंत्री देवांगन ने कहा, “आज विष्णुदेव की सरकार ने कोरबा शहर के विकास के लिए 400 करोड़ रुपए की राशि दी है। एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने हैं। आने वाले वर्षों में इस विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए नगर निगम में भाजपा की सरकार बनानी जरूरी है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाली राशि का सही उपयोग हो।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि “भाजपा की नगर सरकार बनने के बाद सभी पट्टाधारकों को भू-स्वामित्व का अधिकार दिया जाएगा। साथ ही, बिजली बिल और प्रॉपर्टी टैक्स नियमित रूप से भरने वाले लोग भी अब प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र होंगे।”

1001518797 removebg preview
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button