बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी की मौके पर मौत

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फास्टरपुर थाना क्षेत्र में एक दंपत्ति की उस समय मौत हो गई, जब वे अपनी बेटी की शादी की तैयारी के लिए खरीदारी कर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (48) अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे। दोनों मुंगेली शहर से जरूरी सामान और कपड़े खरीदकर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही फास्टरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
बालोद में भी हुआ दर्दनाक हादसा
वहीं छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भी नेशनल हाईवे-30 पर एक और सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे-930 की खराब सड़क इस हादसे की बड़ी वजह है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हादसे बढ़ा रहे चिंता
राज्य में लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार और खराब सड़कें इन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही हैं।



