क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी : रायपुर में 10 और 13 मई को IPL मैच, टिकट बुकिंग कल से होगी शुरू

रायपुर। Indian Premier League 2026 के तहत राजधानी रायपुर क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा आयोजन होने जा रहा है। 10 और 13 मई को यहां दो हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे शहर में खेल का उत्साह चरम पर है।
पहला मुकाबला 10 मई को Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच होगा। वहीं 13 मई को Royal Challengers Bengaluru का सामना Kolkata Knight Riders से होगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू होगी और केवल आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप के जरिए ही उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने फर्जी टिकटों से सावधान रहने की अपील की है।
टिकट की कीमत ₹2000 से शुरू होकर ₹8000 तक रखी गई है। इसके अलावा स्टेडियम में प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे दर्शकों को खिलाड़ियों का और नजदीक से अनुभव मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, आरसीबी टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिनों तक यहां ठहरेगी। इस दौरान टीम अभ्यास भी करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी 8 मई के बाद पहुंच सकती है।
रायपुर में होने जा रहे इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और टिकट बुकिंग को लेकर अभी से तैयारी शुरू हो गई है।



