केरलम में महिलाओं को फ्री बस यात्रा: 15 जून से शुरू होगी ‘प्रियदर्शिनी’ योजना, कैबिनेट की मंजूरी

नई दिल्ली/केरलम। केरलम सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए राज्य परिवहन निगम (KSRTC) की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री V. D. Satheesan की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में ‘प्रियदर्शिनी’ योजना को मंजूरी दी गई। यह योजना 15 जून 2026 से लागू होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत सभी उम्र और वर्ग की महिलाओं को KSRTC की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। सरकार का अनुमान है कि योजना पर हर महीने 60 करोड़ रुपये से अधिक और सालाना करीब 800 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
सरकार का कहना है कि योजना से महिलाओं की आवाजाही आसान होगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में KSRTC की वित्तीय स्थिति बेहतर होने पर अन्य श्रेणी की बसों में भी मुफ्त यात्रा सुविधा का विस्तार किया जा सकता है।
‘प्रियदर्शिनी’ योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



