दामापुर को मिली बड़ी सौगात: विधायक भावना बोहरा ने शुरू कराया उप तहसील कार्यालय, 46.96 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात

पंडरिया, 3 नवंबर। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दामापुर में अब ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दामापुर में उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने 46 लाख 96 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी।
उप तहसील कार्यालय शुरू होने से दामापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर राजस्व संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। अब उन्हें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भूमि अभिलेख और राजस्व प्रकरणों से जुड़े कार्यों के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे ग्रामीणों के समय, धन और श्रम की बचत होगी। साथ ही प्रशासनिक कार्यों के निराकरण में भी आसानी होगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास के साथ जनसुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। दामापुर में उप तहसील कार्यालय की शुरुआत हजारों ग्रामीणों को घर के नजदीक प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन भाजपा सरकार सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पंडरिया विधानसभा के शहरी, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विधायक ने बताया कि इस दौरान करीब 46.96 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन, रंगमंच और सामुदायिक भवन का लोकार्पण शामिल है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण और सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। आदिवासी बालक आश्रम भवन से वनांचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। रंगमंच और सामुदायिक भवन से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण से परिसर की सुरक्षा और सीसी रोड बनने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

भावना बोहरा ने कहा कि उनका संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। जनता की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों का जीवन सरल और सुविधाजनक बनाना ही उनका उद्देश्य है।



