वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अमेरिका दौरे से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों में जगी नई उम्मीद, निवेश और संस्कृति को लेकर दिखा गहरा जुड़ाव

रमेश शर्मा
पत्थलगांव, 07 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का हालिया अमेरिका दौरा प्रवासी समुदाय के साथ संबंधों को मजबूत करने और राज्य में निवेश संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ। इस दौरे के दौरान न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ विजन 2047 की रूपरेखा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर विस्तार से रखा।
न्यूजर्सी निवासी NRI विवेक चौबे ने वित्त मंत्री के साथ हुई मुलाकातों को यादगार बताते हुए कहा कि यह प्रवास प्रवासी समुदाय और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच सेतु बनने का कार्य करेगा। चौबे ने बताया कि न्यूयॉर्क स्थित भारतीय दूतावास में कांसुलेट जनरल ऑफ इंडिया की मौजूदगी में 42 से अधिक संस्थानों के प्रतिनिधियों—इन्वेस्टर्स, यूनिवर्सिटी स्कॉलर्स और प्रवासी छत्तीसगढ़ियों—के साथ राउंड टेबल बैठक आयोजित हुई, जो बेहद सफल रही।

फाइनेंस मिनिस्टर चौधरी ने इन बैठकों में स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ अब संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि निवेश के भरपूर अवसरों से परिपूर्ण राज्य है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि राज्य से जुड़ने के लिए एक SMS के जरिए भी आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बदला हुआ छत्तीसगढ़ और बदली हुई छवि
विवेक चौबे ने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा, “एक समय था जब छत्तीसगढ़ में दिन में दस घंटे बिजली कटौती आम बात थी, लेकिन अब छत्तीसगढ़ न सिर्फ बिजली में आत्मनिर्भर है, बल्कि सरप्लस बिजली राज्य की नई पहचान बन गई है।” उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों में अब अपने राज्य को लेकर गौरव का भाव है।
न्यूजर्सी में दिखा बस्तर का रंग
वित्त मंत्री जब विवेक चौबे के घर पहुंचे तो उन्होंने वहां बने छत्तीसगढ़ कॉर्नर और बस्तर की विश्वविख्यात डोकरा आर्ट को देखकर प्रसन्नता जाहिर की। मंत्री चौधरी की टीम ने भी इस कला की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य की सांस्कृतिक विरासत को विदेशों में प्रचारित करने का सुंदर उदाहरण है।
इस अवसर पर मंत्री चौधरी ने चौबे परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की और अमेरिका की स्कूली छात्रा आदया चौबे से बातचीत की, जो खास बात यह रही कि आदया ने हिंदी में संवाद किया। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री चौधरी ने उसे पढ़ाई से जुड़े टिप्स भी दिए।
प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के साथ वैश्विक स्तर पर मजबूत होता रिश्ता
ओपी चौधरी के इस प्रवास को केवल औपचारिक दौरे के रूप में नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर प्रमुखता से लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अमेरिका में बसे छत्तीसगढ़ियों ने इस पहल का स्वागत किया है और राज्य के विकास में भागीदारी की इच्छा जताई है।
छत्तीसगढ़ अब केवल भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं, बल्कि विश्व मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है — यह संदेश अमेरिका दौरे से स्पष्ट हुआ है।



