सूरजपुर के किसानों को बड़ी सौगात : 5 नई साख समितियां, 4650 किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

रायपुर, 3 जून 2025 महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के सतत प्रयासों से सूरजपुर जिले के किसानों को बड़ी सौगात मिली है। जिले में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शासन द्वारा स्वीकृत योजना के तहत खोपा, करौटी-बी, केशवनगर, सिरसी और सावारावा में 5 नई समितियों का गठन किया जा रहा है, जिससे लगभग 4650 किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।
इन नवगठित समितियों के माध्यम से किसानों को खाद-बीज, कृषि ऋण और धान विक्रय जैसी सुविधाएं उनके ही गांव या समीपस्थ क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी और समय, धन एवं संसाधनों की बचत होगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह निर्णय किसानों की वर्षों पुरानी मांगों के समाधान की दिशा में अहम कदम है। राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी पुनर्गठन योजना के अंतर्गत की जा रही है, जिसका प्रकाशन 3 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ राजपत्र में किया गया।
सूरजपुर जिला कृषि ऋण वितरण में अग्रणी
फिलहाल जिले में 47 प्राथमिक कृषि साख समितियां कार्यरत हैं। खरीफ 2024-25 में इन समितियों के माध्यम से किसानों को 78.35 करोड़ रुपये नगद और 42.72 करोड़ रुपये का वस्तु ऋण शून्य ब्याज दर पर प्रदान किया गया, जिससे 36,304 कृषक लाभान्वित हुए। रबी सीजन में 5,266 कृषकों को ऋण सुविधा दी गई। वहीं, वर्ष 2025-26 के खरीफ सीजन के पहले दो माह में ही अब तक 13.36 करोड़ रुपये नगद एवं 9.08 करोड़ रुपये का वस्तु ऋण वितरित किया गया है, जिससे 7,963 कृषकों को लाभ मिला है।
धान खरीदी में रिकॉर्ड: 59 हजार से अधिक कृषकों को लाभ
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर वर्ष 2024-25 के खरीफ विपणन सत्र में सूरजपुर जिले की 47 समितियों एवं 7 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 3,97,204 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। इस प्रक्रिया से 59,052 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि राज्य सरकार की कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में कृषि सुविधाओं का विस्तार किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।



