किसानों के लिए खतरा बनी नकली खाद: खैरागढ़ में बिना बैच नंबर की 600 बोरियां मिलीं, विभाग ने की जब्ती

खैरागढ़, 13 मई 2026// खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिलेभर में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को विभिन्न कृषि केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया गया।
विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध उर्वरक भंडारण का बड़ा मामला सामने आया। जांच के दौरान मोतीपाल के गोदाम में सफेद प्लास्टिक की बोरियों में रखा गया उर्वरक पाया गया, जिस पर किसी भी प्रकार का नाम, कंपनी या बैच नंबर अंकित नहीं था।
कृषि विभाग की टीम ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए उर्वरक के नमूने जब्त किए और पूरे गोदाम को सील कर दिया। साथ ही लगभग 600 बोरियों में भंडारित उर्वरक को भी जब्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



