छत्तीसगढ़
Trending

इंदौर-रायपुर इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी : उड़ान के 45 मिनट बाद कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री डरे-सहमे

इंदौर, 8 जुलाई 2025 — इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 7295 में मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उड़ान के करीब आधे घंटे बाद विमान की इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 51 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है और यात्रियों को टिकट रिफंड या रीशेड्यूलिंग का विकल्प दिया गया है।

यह ATR विमान तय समय से 7 मिनट पहले सुबह 6:28 बजे इंदौर से रवाना हुआ था। लगभग 100 किलोमीटर दूर बड़नगर के पास पायलट को कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत मिले, जिसके बाद उन्होंने इंदौर ATC से संपर्क कर लौटने की अनुमति मांगी। विमान को सुबह 7:15 बजे सुरक्षित उतारा गया।

यात्रियों ने बताया – झटका लगा, लोग घबरा गए

फ्लाइट में सवार यात्री यशवंत अग्रवाल ने बताया कि टेक-ऑफ के कुछ देर बाद अचानक विमान में जोर का झटका लगा, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। थोड़ी देर बाद पायलट ने अनाउंसमेंट कर बताया कि तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट को इंदौर वापस लाया जा रहा है। सुरक्षित लैंडिंग तक यात्रियों में डर का माहौल बना रहा।

फॉल्स अलार्म थे संकेत

इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर के अनुसार, पायलट को फ्लाइट के दौरान ‘फॉल्स अलार्म’ यानी गलत तकनीकी संकेत मिले थे। ऐहतियातन फ्लाइट को वापस बुला लिया गया। सभी यात्रियों को विमान से ऑफलोड कर दिया गया है।

हालिया घटनाएं भी चिंता का विषय

यह कोई पहली घटना नहीं है जब इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई हो।

  • 23 जून को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट 6E 6332 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी के चलते रनवे से लौटी थी।
  • 6 जुलाई 2022 को रायपुर से इंदौर आई A320 फ्लाइट की लैंडिंग के बाद विमान के केबिन में धुआं भर गया था। डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए थे।

इंदौर एयरपोर्ट और इंडिगो प्रबंधन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रही तकनीकी खामियों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button