धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के जनचौपाल में ग्रामीणों को मिली विकास की सौगातें, खनन जनसुनवाई निरस्तीकरण की भी दी जानकारी

धरसींवा, 23 जुलाई 2025 – धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने बुधवार को ग्राम मोतिमपुर (परसदा), मधईपुर, छड़िया, आलेसुर और पचरी में जनचौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई विकास कार्यों की सौगातें दीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मैं राजनीति करने नहीं, सेवा करने आपके द्वार तक आया हूं।”
जनचौपाल में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग — परसदा से मोतिमपुर खुर्द तक की जर्जर सड़क के निर्माण का मामला सामने आया, जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा।

ग्राम आलेसुर में बच्चों से जुड़ी समस्याओं को सुनते हुए शाला में प्रार्थना शेड, किचन शेड और शौचालय निर्माण की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम मोतिमपुर स्कूल में 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भूमि पूजन भी विधायक द्वारा किया गया।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख समस्या नलवा स्टील एंड पावर लिमिटेड की खदानों की लोकसुनवाई है, जिसे लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में दो बार ऐसी जनसुनवाई को निरस्त कराया गया है और 26 जुलाई को प्रस्तावित जनसुनवाई को रोकने हेतु वे विधानसभा के मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण के माध्यम से मामला उठा चुके हैं। मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को पत्र भेजकर ग्रामीणों की आपत्ति को रखा गया है।
जनचौपाल में विधायक ने भावुक होकर कहा, “आप मेरे परिवार के सदस्य हैं, आपके हर सुख-दुख में मैं सहभागी हूं। किसी दिन अगर किसी कारण से कार्यक्रम में शामिल न हो पाऊं, तो बुरा मत मानिएगा, मैं फिर किसी दिन ज़रूर आपसे मिलने आऊंगा।”
कार्यक्रम में हर ग्राम पंचायत में “एक पेड़ माँ के नाम” से वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा, नवीन अग्रवाल, स्वाति वर्मा, टिकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र वर्मा, सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।



