धमतरी ट्रिपल मर्डर केस: मामूली विवाद में हुई तीन युवकों की हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग शामिल

रायपुर/धमतरी — धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे में मामूली विवाद के बाद हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें पांच बालिग और तीन नाबालिग शामिल हैं।
मुख्य आरोपी गोपि दीवान (20) के साथ कुलेश्वर नेताम (25), रणवीर कुमार साहू (20), कमलेश ध्रुव (19), गौतम दीवान (22) और तीन नाबालिगों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट किशोर न्याय बोर्ड को सौंपी गई है।
घटना सोमवार रात करीब 11:20 बजे भौना गांव के अन्नपूर्णा ढाबा के पास हुई। अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवकों पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
शिकायतकर्ता राहुल कुमार साहू (34), निवासी सोराम गांव, के अनुसार मृतक आलोक सिंह ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल अपने दोस्तों के साथ ढाबे गए थे। वहां पहले से मौजूद आरोपियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गोपि दीवान ने तीनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
धमतरी एसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी आठों आरोपियों को दबोच लिया। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद भी किस तरह खतरनाक रूप ले सकता है, यह मामला उसकी बानगी है। मामले की आगे जांच जारी है।



