छत्तीसगढ़
Trending

राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव के लिए सड़क किनारे मूर्ति बिक्री पर रोक, निगम ने तय किया विशेष स्थल

00लाखेनगर मैदान में ही होगी मूर्तियों की बिक्री, उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई00

रायपुर, 06 अगस्त 2025 त्योहारी सीजन में राजधानी की सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने इस बार कड़ा फैसला लिया है। गणेशोत्सव के दौरान जोन 5 और जोन 7 क्षेत्र में सड़क किनारे गणेश प्रतिमाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। निगम ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि कोई मूर्तिकार सड़क किनारे मूर्तियों की बिक्री करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर एमआईसी मेंबर दीपक जायसवाल ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, राकेश शर्मा समेत अन्य अधिकारियों और मूर्तिकार संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। इस बैठक में मूर्तिकार संघ के अध्यक्ष शुद्ध प्रजापति, पदाधिकारी रवि प्रजापति, कुती प्रजापति और अरुण प्रजापति भी शामिल हुए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यातायात व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव डालने वाली सड़क किनारे मूर्ति बिक्री पर रोक लगाई जाएगी और सभी मूर्तिकारों को एक निर्धारित स्थल पर व्यवस्थित रूप से मूर्तियों के विक्रय की सुविधा दी जाएगी। कुम्हार समाज और मूर्तिकार संघ ने भी इस निर्णय पर अपनी सहमति जता दी है।

इसके तहत जोन 5 और जोन 7 क्षेत्र के मूर्तिकारों के लिए लाखेनगर मैदान और ईदगाह भाठा को मूर्तियों की बिक्री हेतु अधिकृत स्थल घोषित किया गया है। गणेशोत्सव से पूर्व इन स्थलों पर ही श्री गणेश प्रतिमाओं की बिक्री की जाएगी, जिससे सड़कों पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

नगर निगम का यह कदम शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button