Chhattisgarh Consumer Courts Go Digital: छत्तीसगढ़ में उपभोक्ता अदालतों में ई-हियरिंग की शुरुआत, अब घर बैठे होगी सुनवाई

रायपुर। उपभोक्ताओं को अब न्याय के लिए बार-बार अदालत के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। छत्तीसगढ़ में उपभोक्ता अदालतों में ई-हियरिंग की सुविधा शुरू हो गई है, जिससे कोई भी व्यक्ति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घर बैठे अपना पक्ष रख सकेगा। इस सुविधा की शुरुआत आज रायपुर जिले से की गई है, जिसे आने वाले महीनों में राज्य के 17 जिलों में विस्तार दिया जाएगा।
उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने रायपुर उपभोक्ता कोर्ट में इस सुविधा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ई-हियरिंग उपभोक्ता मामलों के त्वरित निपटारे में सहायक होगी और इससे लंबित मामलों की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों और वकीलों के लिए न्यायालयों तक पहुंच आसान होगी और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता व जवाबदेही बढ़ेगी।
खाद्य मंत्री ने आगे कहा, ई-हियरिंग से न्यायालयों के बुनियादी ढांचे पर खर्च भी कम होगा, और उपभोक्ता प्रकरणों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर राज्य उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, रायपुर जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष डाकेश्वर शर्मा, बार काउंसिल रायपुर के अध्यक्ष हितेन्द्र तिवारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
सरकार का यह कदम डिजिटल न्याय व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



