छत्तीसगढ़
Trending

CG Weather Update: भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, कई इलाकों में अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान में गिरावट के संकेत

रायपुर, 04 मई 2026। मई की तपती गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान जगरगुंडा और सुकमा में 2-2 सेमी, जबकि जगदलपुर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, विभिन्न मौसम प्रणालियों की सक्रियता के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान के आसपास सक्रिय है, वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा द्रोणिकाओं के प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है।

राजधानी रायपुर में आज आंशिक मेघमय आसमान रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button