BYJU’S फाउंडर बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल: सिंगापुर कोर्ट ने ठोका 70 हजार डॉलर जुर्माना, बढ़ीं मुश्किलें

नई दिल्ली, 27 मई 2026// भारतीय एडटेक कंपनी BYJU’S के संस्थापक Byju Raveendran को सिंगापुर की अदालत ने कोर्ट की अवमानना मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने उन पर 70,500 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने कहा कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े कई न्यायिक आदेशों का पालन नहीं किया, जिसके चलते यह सख्त फैसला लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत ने रवींद्रन को अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने और तय जुर्माना जमा करने का आदेश दिया है। साथ ही उन्हें बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश करने को भी कहा गया है। यह कंपनी एक संबंधित इकाई में हिस्सेदारी रखती है। फिलहाल रवींद्रन कहां हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है और उनकी ओर से भी इस फैसले पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
दरअसल, बायजू रवींद्रन पिछले कुछ समय से दुनिया के कई देशों में निवेशकों और कर्जदाताओं के मुकदमों का सामना कर रहे हैं। अमेरिका में कंपनी को दिए गए 1.2 बिलियन डॉलर के लोन की वसूली के लिए कर्जदाताओं ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर रखी है। वहीं सिंगापुर में Qatar Investment Authority की सहयोगी कंपनी कतर होल्डिंग्स ने भी उनके खिलाफ मामला दायर किया था।
कतर होल्डिंग्स ने उस समय बायजूज में बड़ा निवेश किया था, जब कंपनी आर्थिक संकट से जूझ रही थी और कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी कर रही थी। इस केस में कतर होल्डिंग्स की ओर से मशहूर लॉ फर्म ड्रू एंड नेपियर ने पैरवी की, जबकि बायजू इन्वेस्टमेंट्स का पक्ष फर्वेंट चैंबर्स ने रखा।
गौरतलब है कि रवींद्रन ने ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से कंपनी की शुरुआत की थी, जो बाद में दुनियाभर में BYJU’S के नाम से पहचान बनाने में सफल रही। एक समय यह भारत की सबसे बड़ी एडटेक कंपनियों में गिनी जाती थी और रवींद्रन देश के चर्चित अरबपति स्टार्टअप फाउंडर्स में शामिल थे। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में कंपनी लगातार वित्तीय संकट, कानूनी विवाद और निवेशकों के दबाव का सामना कर रही है।



