छत्तीसगढ़
Trending

बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1: केंद्रीय गृह मंत्रालय की रैंकिंग में मिला राष्ट्रीय सम्मान, बस्तर पुलिस ने रचा इतिहास

जगदलपुर, 08 जुलाई 2026

बस्तर जिले का बोधघाट थाना पूरे छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग-2025 में बोधघाट थाने ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि बस्तर पुलिस के इतिहास में पहली बार दर्ज हुई है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी रैंकिंग में बोधघाट थाना अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट, इनोवेशन इन पुलिसिंग और एक्सीलेंस इन पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित हुआ। इन सभी क्षेत्रों में बेहतर कार्यशैली और परिणामों के चलते थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिला।

बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से इस सम्मान के लिए बोधघाट पुलिस स्टेशन का चयन किया गया। अधिकारियों के अनुसार, बस्तर रेंज और बस्तर जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी थाने को पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

इस उपलब्धि का श्रेय तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ के नेतृत्व में किए गए कार्यों और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान सहित पूरे पुलिस स्टाफ की टीमवर्क को दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बेहतर पुलिसिंग, जनता के साथ मजबूत समन्वय और नवाचार आधारित कार्यप्रणाली ने बोधघाट थाने को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

पुलिस विभाग ने इसे केवल एक थाने की सफलता नहीं, बल्कि पूरे बस्तर पुलिस की प्रोफेशनल, जन-केंद्रित और परिणाम आधारित कार्यशैली का प्रमाण बताया है। अधिकारियों का विश्वास है कि यह सम्मान प्रदेश के अन्य पुलिस थानों के लिए भी प्रेरणा बनेगा और बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button