अब हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा PM Awas 2.0 का लाभ: मुख्य सचिव विकासशील ने जमीन सर्वे और सत्यापन में तेजी लाने को कहा

रायपुर, 08 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas) 2.0 के तहत भूमि टॉक्स फोर्स की बैठक आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अधिकारियों को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाओं के लिए भूमि का सर्वेक्षण और चिन्हांकन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबादी भूमि पर रहने वाले पात्र आवासहीन परिवारों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए समुचित कदम उठाए जाएं, ताकि हर पात्र आवासहीन परिवार को पक्का घर मिल सके।
बैठक में नगरीय निकायों में वर्तमान और भविष्य की आवासीय आवश्यकता का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि समयबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराने के लिए भूमि और हितग्राहियों की पहचान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यकतानुसार आवास निर्माण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



