छत्तीसगढ़

राज्यपाल की बड़ी पहल: स्वेच्छानुदान मद से सुदूर वनांचल के स्वामी आत्मानंद स्कूल को मिले 10 कंप्यूटर, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया बल

रायपुर, 7 जुलाई 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के विकासखंड दरभा के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (चिंगपाल) को 10 कंप्यूटर प्रदान किए हैं। इन कंप्यूटरों की स्वीकृति राज्यपाल द्वारा पूर्व में ही दी गई थी।

लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय के लिए 10 कंप्यूटरों का औपचारिक हस्तांतरण किया। इस पहल से सुदूर वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में उनके ज्ञान और कौशल का विकास होगा।

राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के दौर में डिजिटल तकनीक तक सभी विद्यार्थियों की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना राज्य की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (जिला बस्तर) के प्राचार्य उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button