
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिमगा पुलिस ने ओडिशा से प्रयागराज ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो गांजा, 2 कार और 6 मोबाइल फोन समेत करीब 25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
नाकेबंदी देखकर भागने की कोशिश, डिवाइडर से टकराई कार
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस की नाकेबंदी देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
पत्रकार के सहायक और कथित डॉक्टर की आड़ में तस्करी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रयागराज के रहने वाले हैं। आरोप है कि वे पत्रकार के सहायक और कथित डॉक्टर की पहचान की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहे थे। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिमगा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त गांजे, वाहनों और मोबाइल फोन के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।



