भावना बोहरा के प्रयासों से डोंगरिया कुर्मी महासभा में विकास की बड़ी सौगात : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंदिर, सड़क और जलाशय कार्यों की घोषणा की

पंडरिया, 11 मई 2026// पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया में आज धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं विकास का भव्य संगम देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा और कुर्मी क्षत्रिय महासभा के सदस्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा जलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री जी जलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहाँ विधायक भावना बोहरा की मांग पर डोंगरिया मंदिर के विकास व सौंदर्यीकरण हेतु 50 लाख रुपये, ग्राम डोंगरिया से खरहट्टा तक 2.5 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण तथा छीरपानी जलाशय के नहर विस्तारीकरण की घोषणा की गई। इस सौगात पर भावना बोहरा ने आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया और हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री जी एवं विधायक का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जलेश्वर महादेव मंदिर जैसे आस्था केंद्रों का विकास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और रोजगार व आर्थिक अवसर भी सृजित करेगा। उन्होंने कुर्मी क्षत्रिय समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज सदैव मेहनत, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना के लिए जाना जाता है। कृषि, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, सेना और सामाजिक सेवा जैसे हर क्षेत्र में समाज ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आस्था और विकास का समन्वय कर देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है और भाजपा सरकार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटारिया एवं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सभा को संबोधित किया।
विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के विकास के लिए संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। डोंगरिया क्षेत्र को मिली ये सौगातें वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ पुनर्निर्माण जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊंचाई दे रहे हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों का विकास, सौंदर्यीकरण और संरक्षण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। विधायक भावना बोहरा ने सभी सम्मानितजनों को शुभकामनाएं दीं और अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज का छत्तीसगढ़ की कृषि, ग्राम विकास और सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज की परंपरा, संस्कार और एकता आज भी इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, सरदार वल्लभभाई पटेल और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महापुरुषों को प्रेरणा स्रोत बताया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटारिया, कुर्मी समाज के प्रदेश व जिला पदाधिकारी, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



