वनांचल की बेटियों को भावना बोहरा का तोहफा: कुई-कुकदूर और कुंडा कॉलेज के लिए शुरू होगी फ्री बस सेवा, 1000 छात्राएं पहले से लाभान्वित

कवर्धा, 12 मई 2026। पंडरिया विधानसभा की छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक भावना बोहरा ने एक और बड़ी पहल की है। आगामी शैक्षणिक सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदूर और कुंडा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी। इस नई सुविधा के शुरू होने के बाद पंडरिया विधानसभा में कुल 10 फ्री बस सेवाओं का संचालन होगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों की कई छात्राओं को कॉलेज पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परिवहन सुविधा और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के कारण कई बार बेटियों की पढ़ाई बीच में छूट जाती है। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है, ताकि कोई भी बेटी केवल संसाधनों की कमी की वजह से शिक्षा से वंचित न रहे।

जानकारी के अनुसार, कुई-कुकदूर महाविद्यालय के लिए बस सेवा ग्राम अमनिया से शुरू होकर नेऊर, कुशियारी, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा और कुकदूर की छात्राओं को कॉलेज तक पहुंचाएगी। वहीं कुंडा महाविद्यालय के लिए बस सेवा पेंड्रीकला, बसनी, घोरपेंड्री, कोलेगांव, दामापुर, खैरातुलसी, कोदवाकला, पंवरजली, दुल्लीपारा, माकरी और खैलटुकरी गांवों से छात्राओं को लेकर कॉलेज पहुंचेगी।
विधायक ने बताया कि अब तक पंडरिया विधानसभा में संचालित 8 निःशुल्क बस सेवाओं से 1000 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। ये बसें कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया, पांडातराई और पिपरिया महाविद्यालय की छात्राओं के लिए पहले से संचालित हैं। इस पहल से छात्राओं की ड्रॉपआउट दर में कमी आई है और अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ा है।
भावना बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को लेकर लगातार सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इसी सोच के तहत पंडरिया विधानसभा में सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क बस सेवा के लिए पंजीयन प्रक्रिया जून माह से शुरू होगी। छात्राएं अपने नजदीकी “जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र” से फॉर्म प्राप्त कर पंजीयन करा सकेंगी। सेवा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9754462000 और 9755359004 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।



