उत्तरप्रदेश

अयोध्या: राम मंदिर दान चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा के निर्माणाधीन मकान पर बुलडोजर की तैयारी, प्रशासन ने जारी किया नोटिस

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लवकुश मिश्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब अयोध्या विकास प्राधिकरण ने उसकी पत्नी के नाम पर बन रहे निर्माणाधीन मकान को लेकर नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने परिजनों से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन के अनुसार, लवकुश मिश्रा के घर से पहले ही 14.25 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। जांच के दौरान उसकी संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।

3-4 महीने में तैयार होने वाला था आलीशान मकान

जानकारी के मुताबिक, लवकुश मिश्रा अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदी गई करीब 1000 वर्गफीट जमीन पर तीन मंजिला मकान बनवा रहा था। यह मकान अगले तीन से चार महीनों में तैयार होने वाला था। गिरफ्तारी के बाद से निर्माण कार्य बंद पड़ा है और परिवार भी वहां नजर नहीं आया।

लिफ्ट तक की थी व्यवस्था

स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। एक फ्लोर पर बड़ा किचन और चार कमरे बनाए जा रहे थे, जबकि लिफ्ट लगाने के लिए अलग से जगह छोड़ी गई थी। दूसरे फ्लोर पर पांच कमरे और तीसरे फ्लोर के निर्माण की भी तैयारी चल रही थी।

20 हजार की नौकरी, करोड़ों की संपत्ति पर सवाल

पड़ोसियों का दावा है कि लवकुश मिश्रा ने अक्टूबर 2025 में करीब 25 लाख रुपये में यह जमीन खरीदी थी। तीन मंजिला मकान के निर्माण पर अब तक लगभग 80 से 90 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। जमीन और निर्माण लागत मिलाकर निवेश करीब 1.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

लवकुश की मासिक आय करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। ऐसे में इतनी बड़ी संपत्ति और निर्माण पर खर्च किए गए धन के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई

अयोध्या विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नोटिस का समय पर जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में निर्माणाधीन मकान के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच और संपत्तियों के सत्यापन में जुटा हुआ है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button