उत्तरप्रदेश
Trending

लखनऊ ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड: रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देश में नंबर-1, टॉप-100 में यूपी के 17 जिले शामिल

लखनऊ, 03 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार में राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 100 जिलों में अपने 17 जिलों को शामिल कराया है। राजधानी लखनऊ लगातार देश में पहले स्थान पर बनी हुई है, जिससे प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ती रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।

यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र सिंह के अनुसार, लखनऊ में अब तक 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं। वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी 48,829 संयंत्रों के साथ देश में 10वें और कानपुर नगर 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर है। इस तरह देश के शीर्ष 15 जिलों में उत्तर प्रदेश के तीन जिले शामिल हैं।

राष्ट्रीय रैंकिंग में बरेली (24वां), आगरा (29वां), प्रयागराज (37वां), झांसी (51वां), रायबरेली (56वां), गोरखपुर (70वां), सहारनपुर (73वां), मुजफ्फरनगर (75वां), मेरठ (78वां), बाराबंकी (79वां), अलीगढ़ (81वां), शाहजहांपुर (86वां), सीतापुर (88वां) और उन्नाव (90वां) भी शीर्ष 100 जिलों में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय तथा सब्सिडी वितरण की पारदर्शी व्यवस्था के कारण प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना तेजी से बढ़ी है।

इस योजना से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है। साथ ही अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आय का अवसर भी मिल रहा है। इसके अलावा कार्बन उत्सर्जन में कमी आने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

प्रदेश सरकार का मानना है कि जिस गति से उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं, उससे आने वाले वर्षों में राज्य देश का सबसे बड़ा हरित ऊर्जा केंद्र बन सकता है। शीर्ष 100 जिलों में 17 जिलों की मौजूदगी और लखनऊ का लगातार नंबर-1 स्थान इस उपलब्धि का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button