छत्तीसगढ़

म्यूल खाते से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर: दुर्ग पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा; बैंक पासबुक, ATM, चेकबुक और SIM जब्त

दुर्ग, 07 सितम्बर 2026 दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए म्यूल बैंक खातों के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुपेला थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए यशपाल सिंह उर्फ लक्की पाजी (38), निवासी रामनगर और हेमंत दास दखानी (50), निवासी सिंधी कॉलोनी रायपुर को पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की आगे की जांच की जा रही है।

साइबर ठगी की रकम के लिए इस्तेमाल हुए बैंक खाते

पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया था। इन खातों के लेन-देन की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई।

भूमिका सामने आने के बाद पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 6 सितंबर को सुपेला थाना और एसीसीयू की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

2 हजार से 15 हजार रुपए तक मिलता था फायदा

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने बैंक खातों से जुड़ी पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। पुलिस के अनुसार, यह सब उन्होंने कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में किया।

बाद में इन्हीं बैंक खातों में साइबर ठगी की रकम जमा की जाती थी। इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बदले आरोपियों को 2 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन या अन्य फायदा मिलने की बात सामने आई है।

तिल्दा के दो बैंकों से जुड़े खाते

पुलिस जांच में साइबर ठगी के लेन-देन में इस्तेमाल किए गए कुछ बैंक खाते रायपुर जिले के तिल्दा स्थित पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने इन खातों के लेन-देन का विश्लेषण किया है।

तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों का इस्तेमाल कितनी साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में हुआ और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button