छत्तीसगढ़ के 24 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट : अंबिकापुर में घरों में घुसा पानी, बलरामपुर में स्कूल बंद, बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर, 03 सितम्बर 2026। उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मानसून सक्रिय है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में बीते 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सरगुजा के पोंडी बचरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश के चलते बलरामपुर जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं अंबिकापुर के कई रिहायशी इलाकों में नालियां और ड्रेनेज सिस्टम चोक होने से बारिश का गंदा पानी घरों और दुकानों में घुस गया। मनेन्द्रगढ़ की VIP कॉलोनी में भी सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 24 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पोंडी बचरा में 14 सेमी बारिश
2 सितंबर को प्रदेश में हुई बारिश के आंकड़ों के मुताबिक पोंडी बचरा में 14 सेमी, कुसमी में 8 सेमी और दौरा कोचली में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी पानी बरसा।
जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, जगदौरी टुंरा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवा, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर और रघुनाथनगर में 3-3 सेमी बारिश हुई।
अंबिकापुर में घरों-दुकानों में घुसा पानी
अंबिकापुर में लगातार बारिश के कारण कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन गई। कॉलोनी की सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। ड्रेनेज चोक होने के कारण नाले का पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया।
बलरामपुर में स्कूल बंद
बलरामपुर जिले में लगातार बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की। कोरिया में भी बारिश तेज होने के कारण स्कूलों में समय से पहले छुट्टी कर दी गई। सुबह स्कूल पहुंचे बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया।
राजपुर तहसील कार्यालय परिसर में भी बारिश का पानी घुस गया।
मनेन्द्रगढ़ में घुटनों तक पानी
एमसीबी जिले में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मनेन्द्रगढ़ की VIP कॉलोनी की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
भरतपुर क्षेत्र में मिट्टी के कटाव के चलते मनेन्द्रगढ़-जनकपुर मुख्य मार्ग पर विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से मार्ग पर दोनों तरफ से आवाजाही रोक दी गई। PWD, वन और राजस्व विभाग की टीमें पेड़ हटाने में जुटीं।
बिलासपुर में 5.6 डिग्री गिरा दिन का तापमान
बिलासपुर में लगातार दूसरे दिन रिमझिम और तेज बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 46 मिमी और शाम तक 5.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 24.9 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। दिन और रात के तापमान में अंतर बेहद कम रहने से मौसम में ठंडक महसूस हुई।
गंगरेल बांध के दो गेट खोले
लगातार बारिश के बीच प्रदेश के प्रमुख गंगरेल बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। बांध से 4 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी रुद्री बैराज की ओर छोड़ा गया है। प्रशासन ने बांध के आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
3 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया में मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश के आसार हैं।
सामान्य से सिर्फ 2% कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी बारिश इस साल लगभग सामान्य है। अब तक बारिश सामान्य से केवल 2% कम दर्ज की गई है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
2 सितंबर को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8°C पेंड्रारोड में रहा।
रायपुर में अधिकतम तापमान 29°C रहा, जो सामान्य से 1.8°C कम है। न्यूनतम तापमान 23.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8°C कम रहा।
रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश
रायपुर में बुधवार शाम से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।



