छत्तीसगढ़

रायपुर में उपराष्ट्रपति का दौरा आज: एम्स दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे राधाकृष्णन, सुबह 10 बजे पहुंचेंगे, दोपहर 1:30 बजे दिल्ली रवाना

रायपुर, 02 सितम्बर 2026। भारत के उपराष्ट्रपति आज 2 सितंबर 2026 को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे रायपुर स्थित एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

सुबह 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे।

इसके बाद सुबह 11 बजे से एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट के लिए होंगे रवाना

दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति करीब 12:30 बजे एम्स रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद

समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक और एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सरोना रिंगरोड से टाटीबंध तक सुरक्षा कड़ी

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सरोना रिंगरोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा।

एम्स में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नियमित ओपीडी के मरीज गेट नंबर-1 से आवाजाही कर सकेंगे। गेट नंबर-3 से भी ओपीडी के लिए आना-जाना संभव रहेगा। वहीं ट्रामा और इमरजेंसी के लिए गेट नंबर-2 का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रहेगा।

वीआईपी मूवमेंट के चलते गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 आम नागरिकों के लिए 2 सितंबर की सुबह से बंद रहेंगे। प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button